Thursday, March 24, 2011

भोपाल को भोजपाल बनाने की प्रकिया शुरू


 फेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किग साइट और सड़कों पर उतर कर लोगों द्वारा किए गए विरोध के बावजूद प्रदेश की भाजपा सरकार भोपाल शहर का नाम भोजपाल करने पर आमादा है। सरकार ने अपनी घोषणा पर अमल करते हुए नाम परिवर्तन की प्रक्रिया का श्री गणेश कर दिया है। राज्य सरकार ने भोपाल जिला प्रशासन को पत्र लिखकर भोपाल का नाम भोजपाल करने का प्रस्ताव मांगा है। जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने इसकी पुष्टि कर दी है। विभाग से इस आशय का पत्र मिलते ही कलक्टरेट के अधिकारियों ने राजाभोज और भोपाल के इतिहास को खंगालना शुरू कर दिया। प्रशासन अब इस उधेड़बुन में लगा हुआ है कि शहर का नाम बदलने पर रेलवे स्टेशन और पोस्ट ऑफिस का भी नाम बदलना पड़ेगा या नहीं। इसके अलावा राजस्व रिकॉर्ड में भी शहर के नाम की तब्दीली होगी या नहीं। 28 फरवरी को राजाभोज सहस्त्राबदी वर्ष समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल का नाम भोजपाल करने की घोषणा की थी। हालांकि कई सालों पहले भोपाल के उपनगर बैरागढ़ का नाम संत हिरदाराम नगर करने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया था जिस पर आज तक निर्णय नहीं हो पाया। चूंकि कांग्रेस पार्टी खुद इस नामकरण के खिलाफ है इसलिए यह माना जा रहा है कि नाम परिवर्तन का प्रस्ताव केंद्र के पास भेजने के बाद भी नाम परिवर्तन होना आसान नहीं है|

No comments:

Post a Comment